देश की सबसे ऊंची झील चंद्रताल में पैदा हुई ‘ट्राउट फिश’

उज्जवल हिमाचल। लाहुल-स्पीति

देश की सबसे ऊंची झील चंद्रताल में अब देश दुनिया से आने बाले पर्यटक ट्राउट मछलियों का आखेट कर स्वाद चख सकेंगें। मत्स्य विभाग ने यह कारनामा कर दिखाया है और माईनस डिग्री तापमान में भी मछलियों के उत्पादन में कामयाबी हासिल की है। यहां पर करीब 5000 ट्राउट फिश तैयार हो चुकी है और इनका वजन उम्र के हिसाब से सही पाया गया है। मत्स्य विभाग के उप निदेशक महेश कुमार ने इस खबर की पुष्टि की है। इसके अलावा लाहुल-स्पीति की सिस्सू झील में भी ट्राउट फिश तैयार हो रही है। ट्राउट मछलियां झीलों के जम जाने पर भी नीचे पानी में जिंदा रहती है और अपना भरपूर आहार ग्रहण करती है।

टूरिस्ट और ट्रेकर का स्वर्ग कही जाने वाली चंद्रताल झील को हिमालय में लगभग 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित देश की सबसे खूबसूरत झीलों में से एक के रूप में जाना जाता है। बता दें कि यह झील समुंद्र टापू पठार पर स्थित है जो चंद्रा नदी को खूबसूरत बनाती है। चंद्र ताल चंद्रमा की तरह नजर आती है। इसका नाम अर्धचंद्राकार आकार की वजह से पड़ा है। यह झील भारत की दो उच्च ऊंचाई वाली आर्द्रभूमि में से एक है जिसे रामसर स्थलों के रूप में नामित किया गया है। यह झील तिब्बती व्यापारियों के लिए स्पीति और कुल्लू घाटी की यात्रा के समय एक अस्थायी निवास के रूप में काम करती है।

चंद्रताल झील पर्यटकों को अपने आकर्षण से बेहद आकर्षित करती है। चंद्रताल लेक का एक ट्रेक लाहुल रेंज के मनोरम दृश्य के साथ मीनार, तलागिरी, तारा पहाड़ और मुल्किला की बर्फ से ढकी चोटियों से गुजरता है, जो सभी 6000 मीटर से अधिक ऊंचे हैं। यह ट्रेक आपको 5000 मीटर ऊपरी बिंदु पर ले जाता है। अगर आप इतने ऊंचे ट्रेक पर चल रहे होते हैं तो इसके लिए अच्छी फिटनेस और अच्छी सहनशक्ति होने बेहद जरुरी है। नदी की क्रासिंग के समय यह ट्रेक थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो जाता है, लेकिन इसको सावधानी पूर्वक पार किया जा सकता है। चंद्रताल झील के लिए ट्रेकिंग जून और अक्तूबर में आयोजित की जाती है।

गौर रहे कि ट्राउट फिश स्वच्छ व शीतल जल में रहती है लेकिन माईनस डिग्री में इनका उत्पादन एक चुनौती से कम नहीं है। ऐसे में मत्स्य विभाग की ओर से ट्राउट उत्पादन के लिए किए गए प्रयास काफी सराहनीय है और आने वाले समय में पर्यटक चंद्रताल झील के पास भी ट्राउट आखेट का आनंद ले सकेंगे आपको बता दे की मत्सय विभाग की पहल के चलते देश की खूबसूरत व ऊंची झील चंद्रताल में ट्राउट फिश का उत्पादन कामयाब हुआ है। 5000 मछलियां यहां पर तैयार हो गई हैं।