विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने के दो आरोपी गिरफ्तार

सुरेंद्र सिंह सोनी। नालागढ़

विदेश भेजने और वीजा लगाने के नाम पर ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इन दोनों आरोपियों ने नालागढ़ के ढांग निहली गांव के एक युवक को ठगा था। 24 जनवरी, 2021 को नालागढ़ थाना की दभोटा चौकी में ठगी का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार वीजा लगवाने के लिए शातिर विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देते थे और अपने दिए बैंक खातों में पैसे मंगवाते थे। बाद में या तो जाली दस्तावेज थमा देते थे या फिर पैसों को हड़प जाते।

विनय कुमार निवासी गांव ढांग निहली डाकघर प्लासीकलां तहसील नालागढ़ ने पुलिस में दर्ज करवाई थी। उसने आरोपितों को तीन लाख रुपये दिए थे। आरोपित खंखरू कुमार निवासी गांव व डाकघर सैंदूल, तहसील धनोलटी नैनबारा, जिला टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड) और अर्जुन निवासी गांव व डाकघर नीवदिया, तहसील मैजा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) हैं। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।