प्रदेश में दो दिन खराब रहेगा मौसम, यलो अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

कुछ दिन धूप खिलने के बाद प्रदेश में फिर से मौसम खराब होने का अनुमान है। जनजातीय क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। मौसम विभाग ने बुधवार और वीरवार को यलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। सोमवार को पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में चार इंच बर्फ गिरी। राहनीनाला और मढ़ी में भी हल्का हिमपात हुआ। मौसम को देखते हुए लाहुल स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों को 11 बजे तक घाटी में नहीं आने की बात कही थी, लेकिन मौसम खुलने पर पर्यटकों को अनुमति दे दी। केलंग में भी दो सेंटीमीटर हिमपात हुआ।

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि इससे समूचे प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार को जनजातीय क्षेत्र केलंग व कल्पा में ही तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया है। प्रदेश में ऊना शहर का अधिकतम तापमान 22 डिग्री से अधिक है।