विपक्ष पर बरसे भाजपा के दो त्रिलोक

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला
भारतीय जनता पार्टी के दो त्रिलोक ने विपक्ष के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल एवं त्रिलोक कपूर  ने एक संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक भी भ्रष्टाचार का के सामने लाकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केवल बयानबाजी करके जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री केंद्रीय मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त पाए गए और कई नेताओं के केस सर्वोच्च न्यायालय तक चले। भाजपा नेताओं ने कहा कि केवल कुलदीप राठौर गुट के लोग बयानबाजी कर अपने अध्यक्ष के बचाव में उतर रहे हैं बाकी कांग्रेस के सभी नेता मौन है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार जागरूक एवं कार्य कुशल है। आज राष्ट्र और प्रदेश में कांग्रेसी विचारधारा से लोग जुड़ना नहीं चाहते हैं जनता को कांग्रेस का असली चेहरा ज्ञात हो गया है। उन्होंने कहा वर्तमान समय में कांग्रेस की हालत दुर्बल होती चली जा रही है जब एक प्रदेश अध्यक्ष को अपने नेताओं से बयान देने के लिए आह्वान करना पड़े इसका मतलब है कि पार्टी का बल खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला परिषद के बाद अब बिलासपुर जिला परिषद में कांग्रेस की हार सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार डबल इंजन के रूप में कार्य कर रही है और आधारभूत संरचना विकास कार्य प्रगति पर है।