भाजपा कार्यकाल में ऊना विस को मिली करोड़ों की सौगातें : सत्ती

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। ऊना
छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज ऊना विधानसभा के गांव बसोली में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की 14 लाख रुपए की लागत से निर्मित चारदीवारी तथा साढ़े चार लाख रूपये की राशि से स्थापित नलकूप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सतपाल सत्ती ने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में सरकार द्वारा ऊना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए की धनराशि राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि डेढ़ करोड़ की राशि से बसोली खड्ड का चैनलाइजेशन किया गया, जिससे भूमि कटाव रुकने के साथ-साथ क्ष़ेत्र की भूमि भी रिकवर हुई।

बसोली स्कूल में 14 लाख की चारदीवारी का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री के प्रथम प्रवास के दौरान ही इस माध्यमिक विद्यालय को स्तरोन्नत करके सीधा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तथा साईंस ब्लॉक का भी निर्माण किया गया। इसके अलावा क्षेत्र की सडक़ों की स्थिति को सुधारा गया। नाले गांव को जाने वाली सडक़ को पक्का तथा रक्कड़-बसोली की टॉरिंग की गई। सिंचाई के लिए रिग स्थापित की गई। उन्होंने बताया कि चैक डैम के निर्माण के लिए नाले गांव में सर्वेक्षण किया गया है तथा शीघ्र ही इसकी डीपीआर तैयार करके धनराशि स्वीकृत करवा दी जाएगी, जबकि जायका परियोजना के तहत करोड़ों रुपए विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च करके लोगों को राहत प्रदान की गई। वार्ड नंबर 5 व 7 में विद्युत समस्या का निदान किया गया। मलाहत गांव में निर्मित हो रहे पीजीआई सैटेलाइट केंद्र से इलाके के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज की सुवधिा घर-द्वार पर मिल सकेगी। स्कूल मैदान के सुधार के लिए व्यय आकलन तैयार करने के निर्देश दिए तथा समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत उन्होंने बडैहर गांव में पांच लाख रुपए की लागत से निर्मित युवा क्लब कक्ष तथा आंगनबाड़ी कक्ष के भवन का लोकार्पण किया।

इससे पूर्व भाजपा नेता मदन धीमान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्षेत्र को करोड़ों रुपए से विकासात्मक परियोजनाएं देने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, मंडल महामंत्री अशोक धीमान, एसडीओ लोक निर्माण सुनील चैधरी, स्थानीय पंचायत प्रधान ऊषा देवी, मदनपुर के प्रधान ओम प्रकाश ऐरी, प्रिंसीपल सुरेश कुमार, मनोज धीमान, भाजपा कार्यकर्ता मनोज कुमार, जीत कुमार, दर्शन सिंह सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।