सर्वसम्मति से सुबीर सिंह काे मिली कनिष्ठ एवं अतिरिक्त सहायक अभियंता संघ कांगड़ा की कमान

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड कनिष्ठ एवं अतिरिक्त सहायक अभियंता संघ कांगड़ा जोन की बैठक एसके चड्ढा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें विशेष रूप से केसी भारती पूर्व महासचिव, संजीव रात्रा पूर्व अध्यक्ष, कुंदन सिंह पूर्व संगठन सचिव, अनिल सैनी भी उपस्थित रहे। इस दौरान कांगड़ा जॉन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सुबीर सिंह पालमपुर को अध्यक्ष, मुकेश कुमार बैजनाथ को महासचिव, कपिल कुमार कांगड़ा को वित्त सचिव, ई, मनीष डोगरा देहरा को संगठन सचिव चुना गया।

बैठक के माध्यम से बोर्ड प्रबंधन को आगाह किया कि कनिष्ठ अभियंता के नियुक्ति एवं पदोन्नति नियमों में कोई भी छेड़छाड़ न किए जाए। अन्यथा संघ प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा। नवगठित जोनल प्रधान सुबीर सिंह ने साफ साफ शब्दों में कहा कि कनिष्ठ अभियंता से सहायक अभियंता के लिए निर्धारित वर्तमान पदोन्नति कोटे से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित भी किया कि पंकज कुमार प्रदेश कार्यकारिणी में कांगड़ा जॉन का प्रतिनिधित्व करेंगे।