यात्रियों से भरी बस हुई हादसे का शिकार, 15 घायल

शैलेश शर्मा। चंबा

चंबा-भरमौर नेशनल हाई-वे पर सरेंई के समीप एक निजी बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे लुढ़क गई। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक करीब 15 यात्रियों  को चोटें आई है।  हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पेश आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यह बस लिलह से चंबा की और आ रही थी। बस में करीव 40 यात्री सवार थे। सरेंई नामक स्थान पर जैसे बस पहुंची, तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे लुढ़क गई। घायलों को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जा रहा है। बस सड़क से सीधे एक मकान के समीप गिरी। परिवार के सदस्य सुरक्षित है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।

गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। चंबा- भरमौर एनएच पर रविवार सुबह सरेई के पास निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 31 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती करवाया गया है। जहां सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बस में 40 के करीब लोग सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। इसी बीच दुर्घटना का पता चलते ही एसडीएम सदर नवीन तंवर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर व्यवस्था जांचने के साथ ही घायलों का हालचाल जाना।

उपमंडलीय प्रशासन की और से घायलों को फौरी राहत भी मुहैया करवा दी गई है। जानकारी के अनुसार लिलह से चंबा की और आ रही निजी बस रजरा के पास चालक के नियंत्रण खो देने से सड़क से लुढ़क कर निचले हिस्से में मकान के पास जा गिरी। बस को गिरता देख मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस व मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने तुरंत लोगों के सहयोग से घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।