पूर्व सरकार के दौरान की घोषणाओं को जयराम सरकार ने नहीं किया पूराः अनुराग शर्मा

कांग्रेस सेवादल की जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा बिलासपुर से हुई रवाना

Himachal Congress Seva Dal
हिमाचल कांग्रेस सेवादल

सुरेंद्र जंबाल। बिलासपुर 

हिमाचल कांग्रेस सेवादल द्वारा निकाली गई जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा बिलासपुर पहुंची है। जहां से इस यात्रा को पूर्व कैबिनेट मंत्री व नैनादेवी से विधायक रामलाल ठाकुर ने झंडी दिखाकर सोलन के लिए रवाना किया है।

गौरतलब है कि 20 अगस्त 2022 को राजीव गांधी की जयंती पर यह सद्भावना यात्रा शिमला से शुरू की गई थी। जो कि मनाली-मंडी होते हुए 28 अगस्त की शाम को बिलासपुर पहुंची थी और आज यह यात्रा मुख्य बाजार से होती हुई सोलन के लिए रवाना हो गयी है। इस बात की जानकारी देते हुए हिमाचल कांग्रेस सेवादल के प्रमुख अनुराग शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की वर्तमान जयराम सरकार के 05 सालों के कार्यकाल की विफलताओं को लोगों तक पहुंचाना है।

वहीं अनुराग शर्मा ने पूर्व वीरभद्र सिंह की सरकार के दौरान की गई घोषणाओं को वर्तमान सरकार द्वारा आजतक पूरा ना किए जाने का आरोप लगाया है। अनुराग शर्मा ने कहा कि नवम्बर माह में होने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी एक भी सीट प्रदेश में नहीं जीत पाएगी क्योंकि आप पार्टी का हिमाचल में कोई भी जनाधार नहीं है। वहीं उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में सेवादल का अहम रोल रहने व सेवादल से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए भी टिकट की दावेदारी पेश करने की बात कही है।