हिंदी विभाग के सौजन्य से डीएवी कांगड़ा में वेबीनार का आयोजन

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

डीएवी कॉलेज कांगड़ा में हिंदी विभाग के सौजन्य से एक वेबीनार का आयोजन किया गया।इस वेबीनार का मुख्य विषय रहा हिंदी भाषा का वैश्विक स्वरूप। इस कार्यक्रम में मुख्य अध्यक्ष की भूमिका में डॉ आशिथ कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक हिमाचल प्रदेश एवं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ अशोक कुमार सभ्रवाल व प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रोफेसर अनीता बोहरा ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का मौखिक स्वागत किया। वेबीनार में उपस्थित मुख्य अध्यक्ष डॉ आशिथ कुमार मिश्रा ने हिंदी भाषा के वैश्विक स्वरूप पर बल दिया एवं हिंदी भाषा के साथ-साथ अन्य भाषाओं को भी सीखने पर बल दिया।

इसके साथ ही वेबीनार में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ अशोक कुमार सभ्रवाल, प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ ने हिंदी भाषा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने हिंदी भाषा की वैज्ञानिकता पर सारगर्भित शब्दों में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रोफेसर सभ्रवाल ने कहा कि विदेशों में हिंदी का पढ़ाया जाना इस बात का प्रमाण है कि हिंदी भाषा कितनी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में न केवल विभिन्न भारतीय प्रदेशों की अपितु हॉलीवुड की फिल्में भी हिंदी भाषा में डबिंग करके बड़े पर्दे पर प्रदर्शित की जा रही हैं।

वर्तमान समय में हिंदी का महत्व एवं हिंदी का दायरा कहां तक बढ़ चुका है। यह इसी बात का प्रमाण है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने विभाग को बधाई देते हुए आगे भी इस तरह के कार्यक्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता ने इस “द विनर” ने विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं उनकी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया। अंत में डीएवी कॉलेज कांगड़ा के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ देवव्रत अवस्थी ने मुख्य अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता तथा सभी उपस्थित प्रतिभागियों का इस महत्वपूर्ण विषय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने हेतु धन्यवाद
ज्ञापन किया।