महिला मंडलों ने वापस किए कृषि मंत्री, क्वारंटीन नियमों का दिया हवाला

मनीष ठाकुर। कुल्लू

जिला लाहौल-स्पीति के विधायक एवं प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री डॉ राम लाल मारकंडा को भी स्पीति के मुख्यालय काजा में महिला मंडलों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। कृषि मंत्री काजा में मजदूरों की समस्या को सुनने आए थे। मजदूर काजा सड़क को लोक निर्माण के हवाले किए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन जब कृषि मंत्री काज़ा मुख्यालय पहुंचे, तो मुख्य द्वार पर ही महिला मंडलों ने उनका विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

वहीं, इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के अनुसार महिला मंडल होम क्वारंटीन के नियमों का हवाला देती नजर आ रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन भी किन्नौर से काज़ा के लिए भेजी गई थी, लेकिन काजा में महिलाओं ने सवारियों को नहीं उतरने दिया और उन्हें उसी बस में वापस भेज दिया।

महिलाओं का कहना है कि कुछ लोग यहां पर बाहरी राज्यों से मजदूरों को ला रहे हैं और सरकारी अधिकारियों का भी लगातार आना जाना लगा हुआ है। जिससे सरकार के होम क्वारंटीन के नियमों का उल्लंघन हो रहा है। कृषि मंत्री डॉ राम लाल मारकंडा भी बाहरी जगह से आए हैं, तो उन्हें भी यहां आने पर नियमों का पालन करना चाहिए। वहीं, महिलाओं के रोष को देखते हुए कृषि मंत्री को भी मौका स्थल से वापस लौटना पड़ा।