व्यापारियों से 85 लाख लेना तो दूर 85 पैसे के सबूत सार्वजनिक करे संगठन: सोमेश शर्मा

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश के व्यापारियों के दो प्रमुख संगठनों के बीच वाद विवाद का एक नया दौर शुरू हो गया है। जहां बीते दिनों प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन ने प्रदेश व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष सोमेश शर्मा पर कोर्ट में केस करने को लेकर लाखों रुपए व्यापारियों से इक्ट्ठा करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

वहीं, अब प्रदेश व्यापार मंडल ने भी पलटवार करते हुए संयुक्त व्यापार संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मंडी जिला के सुंदरनगर में आयोजित एक प्रेसवार्ता में सोमेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन के पदाधिकारियों द्वारा उन पर लगाए जा आरोप पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में केस करने को लेकर किसी भी व्यापारी से 85 लाख तो क्या एक रूपया भी नहीं लिया है।

सोमेश शर्मा ने कहा कि अगर इनके पास आरोपों के सबूत मौजूद हैं तो उन्हें सबके सामने लेकर आएं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के मामले को लेकर प्रदेश व्यापार मंडल के द्वारा सुप्रीम कोर्ट में केस दायर किया गया है।