बराड़ की बढ़ी दावेदारी, कुलभाष-विनय चौधरी ने भी दिया समर्थन

भाजपा नेता का कांगड़ा जिला परिषद का अध्यक्ष बनना लगभग तय

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

गुटबाजी से धड़ों में बंटी कांगड़ा भाजपा एकजुट होती नजर आ रही है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो सर्वसम्मति से कांगड़ा की सबसे बड़ी जिला परिषद में अध्यक्ष भाजपा का ही बन सकता है। जिला परिषद चुनावों में भारी मतों से विजय हुए कांगड़ा के भाजपा नेता रमेश बराड़ को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है। कई जीते हुए सदस्यों ने आपसी मत और मनभेद मिटाकर रमेश बराड़ को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

नगरोटा बगवां और कांगड़ा विधासभा क्षेत्र के जिला परिषद के सदस्यों ने उनका खुला समर्थन किया है। कांगड़ा के खोली वार्ड से विजयी जिप सदस्य कुलभाष चौधरी ने भाजपा की अहम बैठक में रमेश बराड़ के लिए अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी छोड़ दी और पूरा समर्थन देने का ऐलान कर दिया । गौरतलब है कि इससे पहले कुलभाष चौधरी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी जता रहे थे। वहीं नगरोटा बगवां विधानसभा से उस्तेहड़ वार्ड से विजयी जिला परिषद सदस्य विनय चौधरी ने भी अपना समर्थन दे दिया है। विनय चौधरी ने भी कुलभाष की तर्ज पर समर्थन देते हुए कहा कि अगर रमेश बराड़ अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हैं तो वह उन्हें पूरा समर्थन देंगे।

भाजपा के कर्मठ नेता हैं बराड़

भाजपा के लिए प्रति निष्ठा से काम कर रहे रमेश बराड़ को अध्यक्ष पद का इनाम मिल सकता है। बराड़ लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और हर मोर्च पर डटे रहते हैं। मौजूदा समय वह कांगड़ा भाजपा के जिला महामंत्री के पद पर आसीन हैं।