राजस्थान के चुरू में -1.1 डिग्री सेल्सियस, ताे अमृतसर में एक डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

उत्तर भारत के पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके चलते मैदानी क्षेत्राें में ठंड बढ़ रही है। उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ सहित अन्य चोटियों में बर्फबारी दर्ज हो रही है और निचले क्षेत्राें में सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। वहीं, हिमाचल में अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में बर्फीले तूफान ने वाहन चालकों सहित पुलिस कर्मचारियों की दिक्कत भी बढ़ा दी। वहीं, मनाली के साथ लगते सोलंगनाला में हिमपात के कारण 500 से अधिक पर्यटन वाहन भी फंस गए थे। शीतलहर का प्रकोप जारी है। पंजाब-यूपी हरियाणा सहित उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में पारा लगातार गिर रहा है।

यह भी देखें : सीएम आवास ओक ओवर के पास दिखा तेंदुआ, महिलाओं ने भागकर बचाई जान

अगर हम आज के ताजा अपडेट की बात करें, तो आज भी पंजाब के अमृतसर में पारा गिरा। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अमृतसर में न्यूनतम पारा 1 डिग्री रहने के साथ कोहरा रहा। वहीं, राजस्थान के चुरू में आज न्यूनतम तापमान -1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पर घना कोहरा भी रहा। उधर, राजधानी दिल्ली में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। लगातार यहां पर भी पारा गिर रहा है। जम्मू भी इस वक्त कोहरे की चादर से ढका हुआ है। लोगों की ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले दो दिन से ठिुठर रहे जम्मू संभाग में भीषण ठंड जारी है।

जम्मू शहर व साथ लगते क्षेत्राें में सुबह घना कोहरा छाया, जो सूर्य निकलने के साथ कम हुआ। बीते दिन भी पूरे दिन शीतलहर के चलते लोग ठिठुरते रहे। देश के कई भागाें में ठंड की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी से मैदानी क्षेत्राें में तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। इसके लिए अलर्ट भी जारी किया गया है।