अफगानिस्तान से भागकर आया एक छात्र हिमाचल प्रदेश पहुंचा

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

अफगानिस्तान से भागकर आया एक अफगानी छात्र हिमाचल प्रदेश पहुंचा है। छात्र का नाम सईद सबतुला है। वह सोलन जिले की डॉ. यशवंत सिंह परमार यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। उसने बताया कि वह अफगानिस्तान से दिल्ली आई लास्ट फ्लाइट में किसी तरह भारत पहुंचा। अफगानिस्तान में इस समय स्थिति बेहद खतरनाक है। लोग जान बचाने के लिए दूसरे देशों में भाग रहे हैं।

सईद ने बताया कि पूरे देश पर तालिबान का कब्जा हो चुका है। अब सभी को यह चिंता सता रही है कि भविष्य में क्या होगा। क्योंकि तालिबान लोगों पर पाबंदियां लगा कर रखता है। सईद के परिवार में 9 सदस्य हैं और उसे यह नहीं पता कि अब उनका क्या होगा। वह तालिबान छुट्टियां बिताने गया था, लेकिन अभी छुट्टियां 10 दिन और बची थीं। इससे पहले ही वह किसी तरह भारत आ गया।

तालिबानी लड़ाकों ने दिया भरोसा- डरने की जरूरत नहीं
अफगानिस्तान में फंसे नवीन ठाकुर की उनकी माता पदमा देवी से दोबारा फोन पर बात हुई है। उन्होंने बताया कि तालिबान के लोग भारतीय दूतावास में आए थे। वहां ठहरे लोगों को तालिबानी लड़ाकों ने भरोसा दिलाया है कि डरने की कोई जरूरत नहीं है। 5 से 10 दिनों के भीतर दूतावास में ठहरे सभी लोगों को सुरक्षित वापस भेज दिया जाएगा। उनकी माता का कहना है कि तालिबान ने भले ही सुरक्षा का भरोसा दिया है, लेकिन विश्वास नहीं किया जा सकता। नवीन के साथ देहरादून के भी कुछ लोग वहां पर फंसे हुए हैं।

Comments are closed.