आम आदमी पार्टी का हिमाचल पर नहीं कोई असर: सुरेश कश्यप

उज्जवल हिमाचल। शिमला

भाजपा मिशन रिपीट के मकसद से कार्यकर्ताओं को मजबूत करने में जुट गई है। हर संसदीय क्षेत्र में भाजपा बैठकों का आयोजन कर आगामी रूपरेखा तैयार कर रही है। इसी चरण में आज शिमला पीटर हॉफ में शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को लेकर जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि विधानसभा चुनावों के मध्यनजर भाजपा कार्य योजना कैलेंडर तैयार कर रही है और 6 अप्रेल भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश के 7,792 बूथ पर महाजनसंपर्क अभियान और पदयात्रा शुरू करने जा रही है जिसकी रूपरेखा बैठक में तय की जाएगी। इसके अलावा भाजपा प्रदेश में अलग अलग मोर्चो के सम्मेलनों का आयोजन भी करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हिमाचल प्रदेश में कोई असर नहीं होने वाला है इससे पहले भी तीसरे विकल्प के रूप में कई पार्टियां आई हैं जिनको प्रदेश की जनता ने सिरे से नकारा है आम आदमी पार्टी को भी प्रदेश के लोग स्वीकार नहीं करेंगे।