कांगड़ा में महंगाई के खिलाफ आप का प्रदर्शन, जयराम सरकार के खिलाफ की नारेबाजी: आप

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सड़कों पर उतर कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर प्रदेश व्यापी प्रदर्शन शुरू कर दिया। कल मंडी और ऊना के बाद आज, कांगड़ा में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन कर रैली निकाली और सरकार के खिलाफ गुस्सा निकाला। आप कार्यकर्ता सरकार द्वारा, खाने पीने की चीजों आटा, दाल चावल, दूध और दही जैसे चीजों पर जीएसटी लगाकर गरीबों से रोटी का हक छीनने को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसी कड़ी में आज,कांगड़ा के तहसील चौक पर आप उपाध्यक्ष रमा गुलेरिया समेत कई पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने कहा केंद्र की भाजपा सरकार और सूबे की जयराम सरकार जिस तरह से लगातार महंगाई बढ़ाकर, आम आदमी के उपर बोझ डाल रही उसे, आम आदमी पार्टी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और सरकार के खिलाफ सड़कों पर लगातार विरोध प्रदर्शन करेगी।

कांगड़ा के तहसील चौक पर आज, आप कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर सिर पर उठाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा,यह महंगाई कहां से लाई, भाजपा लाई भाजपा लाई, महंगाई कम करो या सत्ता छोड़ो डूब मरो, के नारे लगाए। महंगाई के खिलाफ कांगड़ा में हुए विरोध प्रदर्शन में उपाध्यक्ष रमा गुलेरिया, कांगड़ा जिला इंचार्ज संजय भारद्वाज और प्रवक्ता मनीषा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने कांगड़ा में विरोध प्रदर्शन करते हुए कचहरी चौक से मंदिर रोड बाजार व कालेज रोड में विरोध मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ गुस्सा निकाला। आप कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसमें पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से, मोदी और जयराम का काल, महंगाई से बुरा हाल के नारे लगाए गए। इस दौरान आम आदमी पार्टी की उपाध्यक्ष रमा गुलेरिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने दूध दही जैसे खाने पीने की वस्तुओं पर जीएसटी लगाकर गरीबों को खाना खाने लायक नहीं छोड़ा है।

सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल के दामों पर जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ा रही है और अब खाने की चीजों पर जीएसटी लगाकर, आम आदमी की कमर तोड़ते हुए उसे मुश्किल में डाल दिया है। रमा गुलेरिया ने कहा कि कोरोना के समय मोदी ने जनता से थाली बजवाई और अब जनता की थाली से खाना छीनने का काम ये सरकार कर रही है। भाजपा राज में महंगाई चरम पर है और गैस सिलेंडर के दाम 1100 रुपए से अधिक हो गया है। जनविरोधी भाजपा सरकार के समय जनता का जीना मुश्किल हो गया है।

वहीं दिल्ली में केजरीवाल सरकार जनता को राहत दे रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार किसी से टैक्स लिए बिना शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली पानी की सुविधा फ्री दे रही है। इसके साथ ही महिलाओं का बस किराया फ्री है। इन सुविधाओं से जनता को हजारों रुपए की बचत होती है जिससे जनता महंगाई से राहत महसूस करती है।

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता मनीषा शर्मा ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा राज में बढ़ती महंगाई से जनता में भारी आक्रोश है। भाजपा राज में युवा बेरोजगारी के कारण परेशान है ऊपर से महंगाई की मार से जीना मुश्किल हो गया है। मनीषा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता पर टैक्स लगाने की बजाय भ्रष्टाचार और फिजूल खर्ची कम करे जिससे जनता को महंगाई से राहत मिल सके।