शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

 

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं और लगातार दुष्कर्म की वारदातों में इजाफा होता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में जिला के सुंदरनगर क्षेत्र की एक महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप लगाने वाली महिला पहले से ही शादीशुदा है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र के हटगढ़ के एक व्यक्ति से उसकी फोन पर दोस्ती हुई थी। एक दिन उसने फोन करके बताया कि वह उससे शादी करना चाहता है। उसने शादी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और उसके द्वारा बताए स्थान पर पहुंच गई। इसके बाद आरोपित उसे नौलखा के एक स्थानीय होटल में ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान आरोपित ने उसकी आपत्तिजनक हालतों में फिल्म भी बना ली और कुछ दिनों बाद उसे उसकी फेसबुक आईडी पर वायरल भी कर दिया। हालांकि बाद में उसने वीडियो को वहां से हटा लिया लेकिन अब वह शादी करने से इंकार कर रहा है।

डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।