गगरेट के बाद अब दौलतपुर नगर पंचायत में भी अध्यक्ष बदलने की तैयारी, पढ़ें पूरी जानकारी

उज्जवल हिमाचल। गगरेट

नगर पंचायत गगरेट में अध्यक्ष बदलने के साथ ही अब नगर पंचायत दौलतपुर में भी नगर पंचायत के अध्यक्ष बदलने की कवायद तेज हो गई है। मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मजीत को सात में से चार पार्षदों के समर्थन प्राप्त है। लेकिन अब इन पार्षदों में से दो पार्षद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाखुश नजर आ रहे है । इसी बीच धर्मजीत का प्रतिद्वंदी राजीव कुमार का नाम फिर से अध्यक्ष पद के लिए सामने आने लगा है। जब नगर पंचायत के अध्यक्ष का चुनाव हुआ था तो उस समय राजीव कुमार के साथ दो पार्षद थे लेकिन धर्मजीत को उस समय बहुमत मिल जाने के कारण अध्यक्ष पद पर उसकी जीत हो गई थी।

एक वर्ष पूरा होने पर अब फिर से अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करके नया अध्यक्ष बनाने के लिए पार्षद अंदर खाते एक जुट हो रहे हैं। वहीं नगर पंचायत दौलतपुर में भी मौजूदा अध्यक्ष भाजपा समर्थित है और जिसका नाम नए अध्यक्ष के लिए चल रहा है वो भी भाजपा समर्थित है। ऐसे में भाजपा को कोई खतरा नहीं है लेकिन अध्यक्ष बदलने की इस रिवायत का अंत हो सकता है ये कहना मुश्किल है।

क्योंकि विधानसभा चुनाव होते ही यदि विधायक किसी अन्य पार्टी का आया तो अध्यक्ष बदले जाएंगे। ये सवाल उठना भी लाजमी है कि चुने गए प्रतिनिधि अधिकतर अपने आपको सत्ता पक्ष से संबंधित बताते है लेकिन सरकार बदलते ही कैसे वो दूसरे दल से संबंधित हो जाते है। बहरहाल, इस मामले को लेकर पार्षद जल्द विधायक से मिलने वाले है और उसके बाद ही नगर पंचायत दौलतपुर में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।