केंद्र सरकार फोरलेन में प्रभाविताें काे उचित मुआवजा : काजल/महाजन

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय महाजन और प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष व विधायक पवन काजल ने पठानकोट से मनाली फोरलेन में प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग केंद्र सरकार से की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने फोरलेन के लिए जमीन अधिग्रहण करते समय प्रभावित परिवारों को फेक्टर 2 के तहत मुआवजा देने का वायदा किया था, लेकिन अब भूमि अधिग्रहण करते समय पीड़ित परिवारों को फेक्टर एक के तहत भी मुआवजा न देकर न्यूनतम आर्थिक सहायता दी जा रही है, जो कि तर्कसंगत नहीं है।

अजय महाजन ने कहा कि कई परिवार पहले पोंग बांध बनने से विस्थापित हुए हैं और अब उन्हें फोरलेन में शामिल कर हटाया जा रहा है। महाजन ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा बेहतर होता केंद्रीय खेल मंत्री प्रदेश में शक्ति प्रदर्शन करने के बजाय जिला कांगड़ा के लंबित केंद्रीय विश्वविद्यालय निर्माण, फोरलेन से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचा कर दिल्ली लौटते।

केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, होटल के बहुमंजिला भवन, अन्य विभागों के कार्यालय बन सकते हैं, तो धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण पर आपत्ति क्यों? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर लगाम कसने में पूर्णता नाकाम रही है और जनता पर लगातार बढ़ रहा आर्थिक बोझ इन सरकारों के पतन का कारण बनेगा। उन्होंने कहा हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है और भाजपा में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच चल रही जोर आजमाइश व रस्साकशी से आम जनता परेशान है।

अजय महाजन ने कहा डबल इंजन सरकार हिमाचल का विकास करवाने में पूरी तरह नाकाम रही है। चहेतों को खुश करने के लिए चेयरमैन, वाइस चेयरमैन की लंबी फौज और लग्जरी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के बावजूद 1000 करोड रुपए का ऋण लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्जे में डुबोकर रख दिया है। कांग्रेस जिला कांगड़ा में जन-जागरण अभियान शुरू कर प्रदेश और केंद्र सरकार की गलत नीतियों का प्रचार कर जन समर्थन जुटाएगी।