ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से जवान की मौत

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

दौलत चौहान। जवाली

ग्राम पंचायत भरूपलाहड़ में एक आर्मी जवान की ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई, जिससे समूचे क्षेत्र में शोक की लहर है। शहीद ज्योति कौंडल (26) पुत्र छोटू राम अरूणाचल में जरनल रिज़र्व इंजीनियरिंग फोर्स (ग्रेप) में सेवाएं दे रहे थे। जवान ज्योति कौंडल का पार्थिव शव आज सुबह पैतृक स्थान भरूपलाहड़ में पहुंचा। शव को देखकर परिजनों सहित हर कोई बिलख-बिलख कर रोने लगा। माता सलोचना देवी, पिता छोटूराम, पत्नी कविता चौधरी का रो-रो कर बुरा हाल हुआ।

देह के साथ आए जवान ने बताया कि ज्योति कौंडल ड्यूटी पर तैनात था कि उसको छाती में दर्द होने लगा। उसको उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने दम तोड़ दिया। परिजनों को वीरवार शाम को इसकी जानकारी मिली जिसको सुनते ही परिजनों के पैरों तलों जमीन खिसक गई। शहीद अपने पीछे माता, पिता सलोचना देवी छोटू राम, पत्नी कविता चौधरी, बड़ी बहन जिसकी की शादी हो चुकी है व छोटी बहन को छोड़ गया। शहीद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

ज्योति की असमय मौत से क्षेत्र में ऐसी खबर सुन कर हर किसी की आंख नम है। रविवार को हिमाचल पुलिस के जवानों की टुकड़ी ने श्मशानघाट पर सलामी दी। जवान ज्योति कौंडल के ताया के लड़के विजय कुमार ने मुखाग्नि दी। साथ ही डीएसपी सुनील राणा एचएचओ हेमराज शर्मा, नायव तहसीलदार हारचक्कियां पवेंद्र पठानिया, काग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव केवल सिंह पठानियां, जिला परिषद शाहपुर संजय कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान नरेश कुमार, मनेई पंचायत प्रधान कृपाल सिंह संधू, बीजेपी मंडल अध्यक्ष प्रीतम चौधरी व उपप्रधान रक्षपाल सिंह सहित सैंकडों लोगों ने सैनिक ज्योति कौंडल को
श्रद्धांजलि दी।