आश्रय के ब्यान पर भड़की महापौर व उपमहापौर ने संभाला मोर्चा

उमेश भारद्वाज। मंडी

पिछले सभी चुनावों में लगातार अपना बूथ हार रहे व्यक्ति का आहत और भ्रमित होना स्वाभाविक है। र्षों तक मंडी विधानसभा पर राज करने वाले परिवार की अगली पीढ़ी जिस प्रकार के प्रश्न मिडिया के माध्यम से उठा रही है वह अपने आप में अपने ही परिवार को कटघरे में खड़ा कर रही है। जिस प्रकार की समस्याएं इस पौत्र ने कही वे कहीं ना कहीं उनके पिता और दादा की कार्यशैली को दर्शाती हैं। ये बातें नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल और भाजपा के सभी पार्षदों ने संयुक्त बयान जारी कर कही। महापौर दीपाली जसवाल ने बयान में कहा इस परिवार ने हमेशा मंडी की जनता को केवल वोट का साधन मात्र माना। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा यह परिवार मंडी को मुख्यमंत्री पद मिलने के बाद से लगातार अपनी कुंठा और ईर्ष्या को समय समय पर प्रदर्शित करता रहा है। लेकिन अति महत्वाकांक्षी इनकी अगली पीढ़ी के सदस्य ने हद कर दी है और लगातार पिछले सभी चुनावों में अपना बूथ तक ना जीत सकने से आहत होकर लगातार झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम मंडी के सभी वार्डों में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हैं और आश्रय शर्मा जैसे लोग झूठ बोल कर तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं।

उप महापौर वीरेंद्र भट्ट ने भी आश्रय पर बोला हमला

उप महापौर वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि आश्रय शर्मा की यह हालत कांग्रेस पार्टी में उनके परिवार के समाप्त हो चुके प्रभाव के कारण है। उन्होंने कहा कि आश्रय शर्मा को कांग्रेस के अंदर से ही भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से वे बयान दे रहे हैं उससे वे मंडी की जनता के सामने हंसी का पात्र बन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जब कोरोना जैसे वैश्विक संकट में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्त्ता समाज की अपने सामर्थ्य के अनुसार सेवा कर रहा था तब यह परिवार अज्ञात स्थानों में छिपा रहा और आज जब प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। तब इस परिवार को यह अखर रहा है। इसके अलावा तल्याहड वार्ड से भाजपा पार्षद सुदेश सेन ने कहा कि तल्याहड़ वार्ड में बिजली पानी की कोई समस्या नहीं है और आश्रय शर्मा झूठ फैला रहें हैं।