लाहौल घाटी में बार-बार हो रहे हिमस्खलन ने बढ़ाई लोगों की चिंता

उज्जव हिमाचल। लाहौल-स्पीती

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बर्फबारी के बाद लाहौल घाटी में मौसम साफ हो गया है। बिजली व पेयजल योजनाओं को भी सुचारू किया जा रहा है, लेकिन बीते 2 दिनों से लाहौल घाटी में बार-बार हो रहे हिमस्खलन ने ग्रामीण इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

बिजली व पानी की व्यवस्था बहाल करने के लिए कर्मचारियों को भी बर्फ के बीच कई किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचना पड़ रहा है। बीते 2 दिनों से लाहौल घाटी में करीब चार जगह पर हिमस्खलन हुआ है। हालांकि इस हिमस्खलन से कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन हिमस्खलन की चेतावनी के बाद ग्रामीण भी सजग हो गए हैं। बर्फबारी के बाद जिला के अधिकांश हिस्सों में बिजली गुल है, अधिकतर संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं।

लाहौल घाटी में हिमस्खलनस्थानीय निवासी राजीव, तेंजिन ने बताया कि तीन रोज पूर्व हुए बर्फबारी से घाटी के लोग काफी परेशानियां झेल रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से बिजली व पानी की योजनाओं को सुचारू किया जा रहा है। अधिकतर इलाके ऐसे हैं, जहां पर पीने के पानी के लिए प्राकृतिक जल स्त्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।वहीं, अब पहाड़ों से हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में घाटी के लोगों को भी काफी सतर्कता बरतनी पड़ रही है।

लाहौल-स्पीति के डीसी नीरज कुमार का कहना है कि बिजली व पानी की व्यवस्था को बहाल करने के लिए कर्मचारी लगातार डटे हुए हैं। बीआरओ के कर्मचारी भी सड़क मार्ग को बहाल करने में जुटे हुए हैं। जल्द ही घाटी के सभी सड़कों से बर्फ को हटाया जाएगा।