प्रदेश में क़ानून व्यवस्था की स्थिति लचर… महिलाओं पर बढ़ रहे अपराध के मामले

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला 

पालमपुर में हुए युवती पर हमले के बाद भाजपा ने सुक्खू सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जुबानी हमला तेज़ कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उपाध्यक्ष डॉ सीमा ठाकुर ने शिमला में प्रेस वार्ता कर वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार में महिलाओं की स्थिति खराब होने के आरोप लगाए हैं।हिमाचल के कांगड़ा में शनिवार को पालमपुर बस स्टैंड पर दिन-दिहाडे़ एक युवक ने युवती पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया लेकिन पुलिस को खबर तक नहीं हुई जबकि 150 मीटर दूरी पर पुलिस थाना है।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उपाध्यक्ष डॉ सीमा ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। चंबा में मनोहर हत्याकांड हुआ और उसके बाद सीएम के गृह जिला हमीरपुर में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया।चम्बा में मंदिर के एक प्रहरी द्वारा नाबालिग 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया लेकिन पुलिस बेखबर रही। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार, मर्डर, बलात्कार बड़ा रूप ले चुका है। कांगड़ा जिला के थाना भवारना के तहत गदियाड़ा पंचायत में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला।

मृतक महिला के गले और अन्य जगहों पर तेजधार हथियार से बार के निशान थे। सुलह विधानसभा की ग्राम पंचायत गदियाड़ा में हुई 50 वर्षीय महिला की हत्या पेपर कटर से गला रेत की गई है। यह अंदेशा पुलिस और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर खून से सने मिले पेपर कटर से लगाया गया। महिलाओं की स्थिति दयनीय हो गई है। उन्होंने कहा कि यह किस तरह का अत्याचार है जहां हिमाचल प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिमला के मॉल रोड पर पुलिस के रिपोर्टिंग रूम के सामने रेस्टोरेंट में काम करने वाले युवक की गंडासे से हत्या कर दी गई और पुलिस प्रशासन सोया रहा। यह प्रदेश की वर्तमान सरकार के दौरान ऐसा हिमाचल प्रदेश में हो रहा जहां युवा, महिलाएं व अन्य वर्ग भी सुरक्षित नहीं है।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...