मंडी उपचुनाव में भारी मतों के साथ जीतेगा भाजपा प्रत्याशी : सुरेश कश्यप

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि आगामी समय में मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव होना है। इसके लिए पार्टी ने जलशक्ति मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह को प्रभारी, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर को सह प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल को संगठन समन्वयक बनाया है। सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के पश्चात मंडी संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव होगा, जिसके लिए संगठन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र में काफी विकासात्मक कार्य करवाए थे और इस संसदीय क्षेत्र की जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन भी दिया था। भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मंडी संसदीय क्षेत्र के इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।