आप पार्टी की गारंटियों को कॉपी कर रही भाजपा-कांग्रेसः पंकज

AAP spokesperson Pankaj Pandit's verbal attack on Congress-BJP
आप प्रवक्ता पंकज पंडित का कांग्रेस-भाजपा पर जुबानी हमला

मंडी : विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी एक्शन मोड में आ गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित ने बुधवार को मंडी में पत्रकार वार्ता में प्रदेश की जयराम सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जुबानी हमला किया। पंकज पंडित ने कहा कि चुनावी बेला में आम आदमी पार्टी की गारंटियों को देख भाजपा और कांग्रेस उन्हें कॉपी कर रही है। लेकिन प्रदेश की जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी सत्ता हासिल करेगी और जो भी गारंटी जनता को दी जा रही हैं उसे पूरा भी करेगी।

यह भी पढ़ें : चुनाव प्रचार भाजपा कर रही सरकारी पैसों का दुरूपयोग: कौल सिंह

पंकज पंडित ने कर्मचारियों के भविष्य को देखते हुए कहा कि केंद्र सरकार को पूरे देश में पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। भाजपा और कांग्रेस ने ओपीएस की बहाली पर कर्मचारियों के साथ हमेशा धोखा किया और दोनों दलों ने कर्मचारियों के साथ सिर्फ वोट की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी एक सुरक्षित भविष्य को लेकर सेवा में आगे बढ़ता है। लेकिन आज तक कांग्रेस और भाजपा ने वोट बैंक की राजनीति की है। पंकज पंडित ने कहा कि कर्मचारियों के साथ राजनीति और क्षेत्रवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम बंद करने के पीछे सिर्फ भाजपा और कांग्रेस ही जिम्मेदार हैं। ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करने के लिए आम आदमी पार्टी जल्द ही कोई तकनीकी समाधान करेगी, जिससे कर्मचारियों की पेंशन बहाल हो सके।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।