सेंट्रल यूनिवर्सिटी पर दिए बयान पर भाजपा नेताओं ने घेरे विधायक

काजल बताएं, कांगड़ा से किसके कारण छिटका था इंजीनियरिंग कालेज

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हाल ही में सदर कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने बयान दिया था कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी के भवन कांगड़ा हलके में बनाए जाएं। इस पर कांगड़ा के भाजपा नेताओं ने विधायक पर चौतरफा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने काजल से सवाल किया है कि जब इंजीनियरिंग कालेज कांगड़ा में बनने लगा था,तो क्यों उन्होंने उसे नगरोटा बगवां जाने दिया था। जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, पूर्व विधायक संजय चौधरी, उपाध्यक्ष नीतू दमीर, प्रदेश सचिव वीरेंद्र चौधरी, जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा सदस्य पवना चौधरी , महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा देवी, उत्तम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सतप्रकाश सोनी, जनरल सेक्रेटरी ओबीसी मोर्चा चौधरी देवीलाल आदि नेताओं ने कहा कि विधायक कह रहे हैं कि जमानाबाद के पास दो सौ कनाल जमीन खाली है।

इस जमीन पर केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवन बनाए जाएं, तो क्या इंजीनियरिंग कालेज के लिए यहां क्या जमीन नहीं थी। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कांगड़ा हलके के लिए कई योजनाएं दी हैं। इन योजनाओं को लेकर विधायक अकसर गुमराह करने वाले बयान देते हैं। उन्हें तो प्रदेश सरकार का धन्यवाद करना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कांगड़ा में सडक़, बिजली, पानी के लिए कई योजनाएं मंजूर की हैं। कांग्रेस को इन योजनाओं के लिए सरकार का आभार जताना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि रानीताल में जलशक्ति विभाग का उपमंडल कार्यालय भी भाजपा सरकार की देन है। तकीपुर कालेज भी भाजपा की देन है।