कांगड़ा में बीजेपी का प्रत्याशी मजबूत तो कांग्रेस ने उतारा मजबूर प्रत्याशी: रणधीर शर्मा

केंद्र सरकार की योजनाओं में रोड़ा अटकाने का काम कर रही प्रदेश की सुक्खू सरकार

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

भाजपा ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर बजट के अभाव में प्रदेश में चल रही केंद्र सरकार की परियोजनाओं में रोड़ा अटकने का आरोप लगाया है। श्री नैना देवी से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केंद्र की आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजना और भानुपल्ली रेलवे लाइन जैसी परियोजना में रोड़ा अटका दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास बजट का प्रावधान नहीं है लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार महिलाओं को 1500 देने के लिए चुनाव के समय में फार्म भरवाने का काम कर रही है।

श्री नैना देवी से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार के विकास कार्यों में रोड़ा अटकने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भानुपल्ली से बरमाणा रेलवे लाइन जो केंद्र सरकार के प्रयासों से निर्माणाधीन है। इसमें केंद्र सरकार ने अभी तक 4938 करोड़ खर्च कर दिए हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने इस परियोजना में अपने हिस्से की धनराशि अदा नहीं की है। ऐसे में अब केंद्र इस प्रोजेक्ट को जारी रखने या नहीं के बारे में विचार कर रहा है।

कांग्रेस सरकार ने हिम केयर योजना में भी अपने हिस्से का बजट नहीं दिया

वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीति आयुष्मान भारत जिसमें गरीबों को स्वास्थ्य बीमा की योजना है कि क्षेत्र में भी प्रदेश की वर्तमान सरकार ने अपनी 20 प्रतिशत देनदारी नहीं की है। इसका प्रभाव भी प्रदेश के 4 लाख, 33 हज़ार आम लोगों पर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने हिम केयर योजना में भी अपने हिस्से का बजट नहीं दिया, ऐसे में कई स्वास्थ्य हिमकेयर कार्ड स्वीकार करने से ही इन्कार कर दिया है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने बजट के अभाव से जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का षड्यंत्र रचा है। इस दौरान रणधीर शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार की महिलाओं को ₹1500 देने वाली योजना पर भी सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए लोग नहीं मिल रहे

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से आनंद शर्मा को उम्मीदवार बनाये पर तंज कसते हुए कहा कि कांगड़ा में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार से साफ हो गया है कि कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए लोग नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ऐसी व्यक्ति को जो पहले शिमला में रहे और अब दिल्ली में सेटल हैं, को कांग्रेस ने कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव में उतारा है। इस दौरान रणधीर शर्मा ने आनंद शर्मा पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें यह चुनाव मजबूरी में लड़ना पड़ रहा है।

कांग्रेस के प्रत्याशी मजबूरी में चुनाव लड़ रहे

उन्होंने जीवन में केवल एक चुनाव लड़ा उसमें भी वह नहीं जीते। रणधीर शर्मा ने कहा कि इसके बाद उन्होंने कभी लोकसभा का चुनाव भी नहीं लड़ा। वहीं वर्तमान समय में कांग्रेस पार्टी में उनकी क्या स्थिति है, इससे भी सभी परिचित हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी मजबूरी में चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में वह मजबूर प्रत्याशी हैं, वहीं भाजपा के प्रत्याशी राजीव भारद्वाज एक मजबूत प्रत्याशी हैं जो वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...