लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा तैयार, करवाएगी पीएम मोदी की रैलियां

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश भाजपा पीएम मोदी की रैलियां करवाएगी। लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए स्थान फाइनल किए जाने हैं। इसके साथ ही कांग्रेस द्वारा भी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी सहित कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राजीव शुक्ला की चुनावी रैलियां करवाई जाएंगी। हिमाचल में लोकसभा चुनाव के चलते मई माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो रैलियां हो सकती हैं। भाजपा एक रैली मंडी में चाह रही है, दूसरी रैली के लिए पार्टी में मंथन चल रहा है। लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए स्थान फाइनल किए जाने हैं।

इस समय मंडी संसदीय सीट हॉट मानी जा रही है। यहां भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रनौत को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को टिकट देकर मुकाबला कड़ा कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए 7 मई को अधिसूचना जारी होनी है। इसके बाद ही लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार रफ्तार पकड़ेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की भी हिमाचल में चुनावी रैलियां होंगी। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...