विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने कसी कमर

BJP tightens its back on assembly elections
बीजेपी सह प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा पहुँचे नालागढ़

नालागढ़ः हिमाचल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों से चली हुई है। जिसके चलते मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के भाजपा चुनाव सह प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे।

सहप्रभारी ने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आने वाले चुनावों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं को मिलकर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देगी संगठन मिलकर एकजुट होकर लड़ेगा और प्रदेश व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलेगा।

राणा ने कहा कि प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में जाकर लोगों का प्रेम मिल रहा है जिससे साफ हो गया है कि इस बार रिवाज बदलेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

यह भी पढ़ेंः इस पिता ने 2 माह की बेटी के लिए चांद पर खरीदी ज़मीन

सहप्रभारी देवेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा बड़े अच्छे बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि नालागढ़ में संगठन पूरी तरह से मजबूत है और अपना काम बखूबी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नालागढ़ विधानसभा से बीते लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक लीड मिली थी उसी तरह विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को भारी भरकम बहुमत हासिल होगा।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश व प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से बिखर चुकी है और कांग्रेस का संगठन गिर चुका है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस का हर कार्यकर्ता परेशान हो चुका है और भाजपा की नीतियों की ओर आकर्षित हो रहा है।

इस मौके पर विधायक लखविंद्र राणा, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, पूर्व विधायक के एल ठाकुर, भाजपा मंडलाध्यक्ष बलदेव ठाकुर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाताः सुरेंद्र सिंह सोनी।