विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा का कुनबा

उज्जवल हिमाच। डेस्क

विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा ने एक कदम और बढ़ा दिया है। शुक्रवार को देर रात तक चली चुनाव संचालन समिति की पहली बैठक में आलाकमान ने भाजपा विधायकों की संख्या तीन अंकों में पहुंचाने का लक्ष्य तय किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को अति उत्साह से बचने की नसीहत दी। उन्होंने साफ कहा कि हमें भाजपा के साथ एनडीए की बड़ी जीत सुनिश्चित करनी है।

बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी विधायकों की संख्या तीन अंकों में पहुंचाने के लिए सभी से जुटने का आह्वान किया। वरिष्‍ठ नेताओं को गांव-गांव जाकर जनसमर्थन जुटाने का दिया टास्‍क। बैठक में चुनाव संचालन समिति में शामिल 71 में 61 लोग शामिल हुए। पार्टी के पूर्व सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को चुनाव तैयारियों, पार्टी की जमीनी हकीकत और जनता की राय पर बोलने का मौका दिया गया। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने एनडीए के लिए 220 सीटें जीतने का दावा किया और कहा कि पार्टी की जीत के लिए कर्णधार हमारे 60 हजार सप्तऋषि बनेंगे।

भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों की लंबी सूची है। जनता उनकी मुरीद भी है। हमें इसी दायरे का विस्तार करना है। उन्होंने चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति के बारे में बताया। जनप्रतिनिधियों की राय भी सुनी। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने की। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडऩवीस शनिवार से पार्टी की जमीनी चुनाव अभियान शुरू करेंगे। पार्टी ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री का जिलों में दौरे संबंधित कार्यक्रम तय कर दिया है। फडऩवीस आरा, जहानाबाद, गया, पूर्णिया और कटिहार जाएंगे।

देवेंद्र फडऩवीस शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ आत्मनिर्भर बिहार अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद आरा के लिए प्रस्थान करेंगे। आरा में तीन जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और शाम में पटना लौट आएंगे। 13 सितंबर को देवेंद्र फडऩवीस कृषि मंत्री प्रेम कुमार के साथ गया जाएंगे, वहां पर विष्णुपद मंदिर में पूजा करेंगे।

इससे पहले जहानाबाद और अरवल जिला की बैठक जहानाबाद में लेंगे। शाम में प्रदेश सोशल मीडिया और घोषणापत्र समिति की बैठक बुलाई है। बिहार चुनाव प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल 14 सितबंर को पटना से कटिहार जाएंगे। कटिहार में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी फिर दोपहर डेढ़ बजे कटिहार से पूर्णिया के लिए रवाना होंगे। पूर्णिया में भी बैठक करेंगे। इसके बाद शाम में वापस पटना आने का कार्यक्रम है।