नगर निगम के पार्षदों के साथ भाजपा की समन्वय बैठक

उमेश भारद्वाज। मंडी

नवगठित नगर निगम के पार्षदों के साथ जिला भाजपा की समन्वय बैठक वन विभाग के विश्राम गृह में जिलाध्यक्ष रनबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निगम चुनावों पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। इस बैठक में भाजपा के सभी प्रत्याशी भी उपस्थित रहे। जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा ने कहा कि बैठक में जिला अध्यक्ष रनवीर सिंह ने सभी जीते हुए पार्षदों सहित महापौर दीपाली जसवाल और उपमहापौर वीरेंद्र भट्ट को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम को आदर्श नगर निगम बनाने के लिए काम करने को कहा और आश्वाशन दिया कि इस कार्य में भाजपा संगठन उनका भरपूर सहयोग करेगा। जिला अध्यक्ष ने पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में कोरोना को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कहा कि इस वैश्विक संकट में नगर निगम योजना बनाकर इस संकट को दूर करने के लिए कदम उठाए। सदर मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर ने भी पार्षदों को अपने वार्डों के विकास कार्यों को गति देने व सुनियोजित ढंग से करने का आह्वान किया।

मंडी में नहीं आएगी विकास कार्यों में कमी : दीपाली
महापौर दीपाली जसवाल ने भाजपा संगठन को विश्वास दिलाया कि नगर निगम मंडी में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आएगी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में मंडी नगर निगम विकास का एक उदाहरण बनेगा। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम के सभी पार्षद अपने अपने वार्डों में कोरोना के खिलाफ दिन रात कार्य कर रहें हैं और संक्रमित और क्वारंटाइन हुए लोगों के साथ संवाद कर रहे हैं और उनकी हर संभव सहायता कर रहे हैं।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष पुष्पराज कात्यायन, जिला महामंत्री महेंद्र पाल, जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, महीला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर, मंडल महामंत्री दीवान सिंह, बालक राम, पार्षद वीरेंद्र आर्य, सुदेश सेन, हरमीत सिंह, नेहा कुमारी, निर्मल वर्मा, माधुरी कपूर, कृष्ण भानु एवं सभी प्रत्याशी बंदना, गिरीश चंदेल, विशाल ठाकुर व पूजा धीमान उपस्थित रहे।