ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष ने कार्यकारिणी का किया विस्तार

एस के शर्मा। हमीरपुर

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुरेश पटियाल ने मंगलवार को अपनी कार्यकारिणी का विस्तार किया है। प्रेस वार्ता कर उन्होंने इसकी जानकारी मीडिया से साझा की है। कार्यकारिणी में 58 लोगों को जगह दी गई है। कुछ दिन पहले ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र जार ने कार्यकारिणी घोषित की थी। वही अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने भी जिला में अपनी कार्यकारिणी घोषित करना शुरू कर दी हैं। कार्यकारिणी में 11 उपाध्यक्ष 15 महासचिव 13 सचिव एक कोषाध्यक्ष व 18 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुरेश पटियाल ने कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर द्वारा अनुमोदित कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसमें पिछली कार्यकारिणी के सदस्यों को भी एक बार फिर से मौका दिया गया है। वहीं लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े परिवारों के कार्यकर्ताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। बता दें कि हमीरपुर जिला में कांग्रेस तो कहीं गुटों में बंटी हुई है, लेकिन अब कुलदीप सिंह राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभालने के बाद संगठन तैयार करना शुरू कर दिया है। हालांकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के जिला हमीरपुर में उनके लिए चुनौतियां कम नहीं है। बावजूद इसके वह संगठन पर पकड़ बनाने की कोशिश कर रहे हैं।