किसानाें के लिए वरदान बनी मिंजग्रा कूहल

उज्जवल हिमाचल। शाहपुर

प्रदेश में जायका प्रोजेक्ट किसानों को खूब राहत प्रदान कर रहा है। इससे उनकी जहां आय बढ़ रही है। वहीं, उन्हें सुविधाएं भी मिल रही हैं। योजना के तहत कांगड़ा जिला में शाहपुर विधानसभा हलके के तहत लदवाड़ा में 50 हेक्टेयर जमीन हरी-भरी हो गर्ई है। इससे किसान नकदी फसलें उगा रहे हैं और उनकी आय में भी इजाफा हुआ है। जायका की खंड परियोजना अधिकारी चैतडू शशि कांता ने बताया कि इस योजना से किसानों को खूब लाभ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कृषि विभाग द्वारा जायका परियोजना इकाई चैतडू के तहत चलाई जा रही फसल विविधिकरण प्रोत्साहन योजना से काम आगे बढ़ाए जा रहे हैं। परियोजना के अंतर्गत 25 उपपरियोजना में फसल विविधिकरण के लिए कई काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाहपुर तहसील के तहत लदवाड़ा में मिंजग्रा कूहल भी इन्हीं उप परियोजनाओं में से एक है। इस परियोजना के तहत 50 हेक्टेयर आता है।

इसके तहत कृषि विकास संघ का गठन करके संघ को सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है। किसानों व ग्रामीणों को विभिन्न तरह के प्रशिक्षण प्रदान किए गए हैं। महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह भी बनाए गए हैं। उन्हें बीज, पावर टिल्लर,ब्रश कटर, नैपसैक स्प्रे, स्प्रे पंप जैसी मशीनें भी दी गई हैं।

दूसरी ओर किसान अनिल सैणी, भगवान दास, रीटा देवी व वीर सिंह ने बताया कि अब उन्हें इस योजना से पूरा साल पानी मिल रहा है। वे अच्छी कमाई कर रहे हैं। उनकी सालाना आय एक से डेढ़ लाख तक बढ़ी है। वे अपना दैनिक बाजार लगाकर कुछ ही घंटों में सारी सब्जियां बेच देते हैं। बहरहाल जायका परियोजना किसानों की हमसफर बन गई है। इसका कई किसानों को फायदा मिल रहा है।