अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू : सेनेटाजेशन के बाद बसें हुईं रवाना

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

लगभग सात महीने के लंबे अंतराल के बाद अंतरराज्जीय बस सेवा बुधवार से शुरू हो गई हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम की इंटर स्टेट बस सेवा आज से बहाल हो गई है। इसमें पहले चरण में प्रदेश से 25 रूटों पर अंतरराज्जीय बस सेवा शुरू की गई है। इसमें चंडीगढ़, पठानकोट, होशियारपुर, लुधियाना और अंबाला के लिए बसें शुरू कर दी गई हैं। इन रूटों पर फिलहाल केवल नॉन एसी बसें ही चलेंगी। नवरात्रों से पहले अंतरराज्जीय बसों की शुरुआत न केवल हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए, बल्कि बाहरी लोगों के लिए भी बड़ी राहत है। बाहरी राज्यों के लिए बसें शुरू होने से पर्यटन को भी और अधिक बढ़ावा मिलने की संभावना प्रबल हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश में इंटर स्टेट बसों के रूटों का विस्तार भी जल्द किया जाएगा। इंटर स्टेट रूटों पर बसों के परिचालन के लिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा, जिसमें मास्क पहनना, शारीरिक दूरी और सैनिटाइजेशन सबसे अहम है। राजधानी शिमला के नया बस अड्डा से अंतरराज्यीय बसों की शुरुआत ऐतिहात के साथ हो गई। इसमें रूट पर जाने से पहले बसों को सैनिटाइज किया गया। इससे पहले लोगों को हिमाचल प्रदेश से बाहर जाने के लिए निजी वाहन या टैक्सी का इस्तेमाल करना पड़ता था, लेकिन अब वह एचआरटीसी की बसों में कम खर्च पर सफर कर सकेंगे।