सड़कों पर दौड़ी बसें, पर्यटकों की एंट्री हुई आसान

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश में आज से सरकार ने कोविड कर्फ्यू में बड़ी राहत दी है। आज से बाजार शाम पांच बजे तक खुलेंगे, तो वहीं पर्यटकों की आवाजाही भी आसान हो गई है। बाजार सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुलने के साथ बसों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। पिछले महीने कोरोना के कारण बनी गंभीर स्थिति के बीच बाजार सहित दफ्तर बंद करने का निर्णय लिया गया था। प्रदेश सरकार की ओर से लगाई गई मुख्य बंदिशें हटाने के बाद सोमवार से जनजीवन सामान्य होता हुआ दिखाई देगा।

वहीं, बसों की आवाजाही से खासकर दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी राहत मिलेगी। सार्वजनिक यातायात सुविधाएं बंद होने के कारण लोगों को एक महीने तक पैदल आवाजाही करनी पड़ी। कर्मचारियों को टैक्सियां कर कार्यक्षेत्र पहुंचना पड़ रहा था। प्रदेशभर में नो मास्क, नो सर्विस का नियम बस, टैक्सी, अस्पताल, कालेज, सरकारी दफ्तरों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों में लागू होगा। वहीं, शनिवार और रविवार को केवल रोजमर्रा की जरूरत की दुकानें ही खुलेंगी। वहीं, दफ्तरों में कर्मचारी 50 फीसद क्षमता के साथ आएंगे।

सार्वजनिक स्थानों, कार्यस्थलों और सार्वजनिक परिवहन में फेस मास्क ठीक से पहनना अनिवार्य है। सार्वजनिक स्थानों पर शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर पान, गुटखा, तंबाकू और इसी तरह के उत्पादों के सेवन पर भी प्रतिबंध रहेगा। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से सुझाए नियमों का पालन करना होगा। निजी बस ऑपरेटर यूनियन शिमला के अध्यक्ष कमल का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू में बसों का संचालन बंद होने के बाद सोमवार से करीब सात से आठ बसें चलेंगी।

काफी समय से सड़क किनारे खड़ी रहीं बसों की मरम्मत की जा रही है, इसमें थोड़ा समय लगेगा। करीब दो से चार दिन में सभी 110 बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के चलते स्टाफ अभी अपने घर में है। स्टाफ के आने का भी इंतजार किया जा रहा है। इसके अलावा शिमला जिला में एचआरटीसी के 250 रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर में लोगों को आवाजाही करने में किसी प्रकार की परेशानी
नहीं होगी।