कोविड अस्पताल में आग का मामला : राजधानी अस्पताल के दो डाक्टर गिरफ्तार

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
रायपुर के राजधानी अस्पताल के कोविड वार्ड में आग लगने से सात मरीजों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने अब गिरफ्तारी शुरू कर दी है। गैर इरादतन हत्या के आरोप में दो डाक्टरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। टिकरापारा पुलिस ने मंगलवार तड़के आमसिवनी से राजधानी हॉस्पिटल के संचालक डॉ.अनिदो राय और डॉक्टर सचिन मल को डॉल्फिन प्लाजा से गिरफ्तार किया। मामले में केस दर्ज होने के बाद अस्पताल से जुड़े डॉ. सचिन मल्ल, डॉ. संजय जाधवानी, डॉ. विनोद लालवानी और डॉ.आनिंदो राय पुलिस के सामने नहीं आए थे। फिलहाल दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित राजधानी अस्पताल में 16-17 अप्रैल की रात अचानक कोविड वार्ड में आग लग गई थी। इसमें सात मरीजों की जलकर या धुएं से दम घुटने से मौत हुई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त परिजनों की शिकायत के बाद थाने में अपराध दर्ज किया गया था। इस अस्पताल को शहर के पांच डाक्टर मिलकर संचालित करते हैं। लिहाजा पांचों को मामले में आरोपित बनाया गया है। कल रात में ही अस्पताल को पूरी तरह से खाली कराकर उसे सील कर दिया गया था। अब पुलिस अस्पताल में भर्ती मरीजों के स्वजनों का बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल दो-तीन लोगों का बयान दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में साफ हो गया है कि इसी महीने कोविड अस्पताल की सूची में शामिल इस अस्पताल में आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे।