750 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चारण की स्वर ध्वनि से गुंजायमान हुई छोटी काशी मंडी

मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने भी महायज्ञ में की शिरकत

मंडी के लोगों के सहयोग से ही इतने बड़े कार्यक्रम का होने जा रहा सफल आयोजन- प्रतिभा सिंह

उज्जवल हिमाचल। मंडी

मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रविवार को अपने मंडी प्रवास के दौरान माता भीमाकाली मंदिर परिसर में जारी कोटी रूद्र महायज्ञ में शिरकत की। इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने भीमाकाली मंदिर में अपना शीश भी नवाया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भीमाकाली मंदिर में कोटी रूद्र महायज्ञ जैसे विशाल कार्यक्रम का आयोजन मंडी में किया जा रहा है।

इसको लेकर आयोजकों बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आज इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है इसमें सभी मंडी वासियों का सहयोग है। मंडी के लोगों के सहयोग से ही इतना बड़ा कार्यक्रम सफल होने जा रहा है। वहीं कोटी रूद्र महायज्ञ के आयोजक आचार्य नित्यानंद सेमवाल ने कहा कि कोटी रूद्र महायज्ञ में शंकर भगवान के 1 करोड़ पाठ होने हैं और 750 ब्राह्मण इसे संपन्न करवाने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः तेंदुए ने 22 भेड़ों पर किया हमला, 11 मृत व 11 लापता, भेड़ पालक का लाखों का नुकसान

उन्होंने कहा कि यज्ञ का आयोजन 7 दिनों तक चलेगा और इसमें 51 वेदियां तथा 51 ही हवन कुंड होगें। आचार्य नित्यानंद सेमवाल ने कहा कि इस यज्ञ का उद्देश्य प्रकृति और संस्कृति को बचाना है। इस महायज्ञ को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ब्राह्मणों द्वारा संपन्न करवाया जा रहा है।

भीमाकाली मंदिर परिसर में आज रविवार से कोटी रूद्र महायज्ञ का आयोजन शुरू हो गया है। इसमें उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के 750 ब्राह्मण एक साथ मंत्रोच्चारण कर यज्ञ में आहुति दे रहे हैं। इस महायज्ञ में रोजाना 3100 रूद्र पाठ किए जा रहे हैं। इसका आयोजन आचार्य नित्यानंद सेमवाल एवं सुषमा सेमवाल धर्माथ सेवा चौरिटी ट्रस्ट देहरादून उत्तराखंड द्वारा करवाया जा रहा है। कोटी रूद्र महायज्ञ 18 मार्च तक आयोजित होगा और उस दिन पुर्णाहुति होगी।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।