CM सुक्खू ने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

उज्जवल हिमाचल, शिमला।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों शिमला आई हुई हैं। दोनों नेता शिमला के छराबड़ा में बने अपने घर पर ठहरी हुई हैं। इस बीच सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की जानकारी दी और हिमाचल सरकार के बोर्ड-निगमों में होने वाली तैनाती को लेकर भी चर्चा की। बता दें कि प्रियंका गांधी बीते एक सप्ताह से अपने घर में ठहरी हुई हैं। यहां पर उनकी मां सोनिया गांधी भी उनके साथ है।

संभवत: यह पहली बार है, जब दोनों नेताओं ने घर पर कोई राजनीति से जुड़ी मुलाकात की हो। इससे पहले जब भी गांधी परिवार का कोई सदस्य शिमला अपने घर पर आता है, तो राजनीति से दूरी ही बनाकर रखता है। शिमला पहुंचे राहुल गांधी सोमवार सुबह ही वापस दिल्ली रवाना हुए हैं।

सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मुलाकात के दौरान क्या बात हुई, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने निकल कर नहीं आई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा की।

साथ ही हिमाचल प्रदेश में खाली पड़े मंत्री पदों को लेकर भी चर्चा हुई है। इसके अलावा बोर्ड और निगम में नेताओं की एडजस्टमेंट पर भी मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं के साथ गहन चर्चा की है। यह मुलाकात इसलिए भी खास है क्योंकि गांधी परिवार शिमला स्थित घर पर इस तरह की मुलाकात नहीं करता है।