सीएम के दौरे को प्रशासन ने कसी कमर

विनय महाजन। नूरपुर
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय कांगड़ा दौरे को लेकर फतेहपुर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों का जायजा लेने में जुटे रहे। वहीं प्रदेश के भाजपा उपाध्यक्ष से भी कार्यकर्ताओं ने सलाह मशवरा किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री 14 मार्च को फतेपुर और जवाली के दौरे पर हैं। एक ओर उपचुनाव के चलते उनका यह दौरा चुनावी दौरा माना जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ जनता को घोषणाओं की भी उम्मीद है।

बहरहाल दौरा चाहे चुनावी ही सही मुख्यमंत्री मतदाताओं को रिझाने के लिए कोई न कोई बड़ी घोषणा तो करेंगे ही। विधायक सुजान सिंह पठाानिया की मृत्यू के बाद यह उपचुनाव होने वाले हैं। यहां पर भाजपा के कई नेता टिकट की आस लगाए बैठे हैं। दूसरी ओर भाजपा की गुटबाजी भी यहां पर छिपी नहीं है, जोकि कि टिकट आवंटन में सीएम के सिर का दर्द बन सकती है। वहीं, विधानसभा क्षेत्र की जनता में धरती पुत्र का नारा भी जोर पकडऩे लगा है।