कृषि बिल के खिलाफ गरजी कांग्रेस, ब्लॉक स्तर पर होंगे प्रदर्शन

उज्जवल हिमाचल। शिमला

देश के साथ-साथ प्रदेश में भी कृषि बिलों का विरोध जारी है। शिमला में भी कांग्रेस ने आज इस बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा से राजभवन तक रैली निकाली और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि इस बिल के खिलाफ किसान पूरे देश मे सड़कों पर है।कांग्रेस अध्यक्ष राठौर ने कहा, सरकार किसानों के हित पूंजीपतियों को बेच रही

उन्होंने कहा कि निरकुंश सरकार के इस अध्यादेश पर राष्ट्रपति ने भी हस्ताक्षर कर दिए है, जिससे किसानों का भविष्य खतरे में है। देश जब आजाद हुआ था तब देश मे अन्न बाहर से आयात किया जाता था। कांग्रेस की नीतियों के कारण 1965 में एपीएमसी एक्ट के तहत मंडिया बनाई गई। जिससे किसान आत्मनिर्भर बना ओर हम देश से बाहर भी अन्न के निर्यात करने लगे। लेकिन अब सरकार ने इस बिल से मंडियों तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य को खत्म कर दिया है। आज इस काले कानून को लेकर सरकार किसानों के हित पूंजीपतियों को बेच रही है।

उन्होंने कहा कि आज देश की सरकार अडानी ओर रिलायंस चला रही है। सभी सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। जिसका कांग्रेस विरोध करती है। इस बिल के खिलाफ 2 अक्तूबर को पूरे देश मे ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंंगे व 10 को किसानों का सम्मेलन किया जाएगा। जिससे सरकार को इस काले कानून को वापस लेने के लिए मजबूर किया जाएगा।