मोदी सरकार के बजट को विपक्ष ने नकारा, डबल इंजन के दावे को दिया झूठा करार

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा, केंद्र का बजट हिमाचल की घोर उपेक्षा

आरपी नेगी। शिमला

विपक्ष ने केंद्रीय बजट को सिरे से नकार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय बजट में प्रदेश की घोर उपेक्षा पर दुख जताते हुए कहा है भाजपा का डबल इंजन का दावा पूरी तरह झूठा है। उन्होंने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल के साथ भेदभाव कर रही है। प्रदेश के विकास की किसी भी योजना का कोई भी प्रारूप हिमाचल के लिये नही रखा गया है, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने रेल बजट पर भी प्रदेश की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके विस्तारीकरण की भी कोई योजना इसमें नही है।

वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बजट पूरी तरह दिशाहीन है जिसकी न कोई दिशा है न दशा। बजट में ऐसी कोई योजना नही है जिससे देश मे बढ़ती बेरोजगारी पर कोई अंकुश लग सके और देश की विकास दर बढ़ सकें। वीरभद्र सिंह ने कहा है कि इस बजट में उन राज्यों को विशेष महत्व दिया गया है जहां इस वर्ष चुनाव होने है। उन्होंने कहा है बजट में किसानों, बागवानों व छोटे उद्योगों के विकास को कोई भी योजना नही है। वीरभद्र सिंह ने कहा है कि बजट में लोगों को लुभाने की कोशिश की गई है पर देश को इससे बहुत निराशा ही हाथ लगी है।

हिमाचल के साथ अन्याय कर रही मोदी सरकार

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश को उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार प्रदेश के साथ बड़ा अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह बजट उन राज्यों को देख कर बनाया गया है जहां इस साल चुनाव होने वाले है जिससे उन्हें चुनावों में इसका कोई राजनीतिक लाभ मिल सकें। राठौर ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश से है और केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री भी प्रदेश से संबद्ध रखते है ऐसे में प्रदेश के लिए किसी भी नई योजना को न देना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में प्रदेश में रेल व राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार की जो बात कही गई थी,इसबार उनका इस बजट में लेश मात्र भी उल्लेख नही है।

केंद्र का बजट महज आंकडों का मायाजाल: भंडारी

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह महज आंकड़ों का मायाजाल बुनकर अपनी नाकामियां छुपाने का असफल प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा है कि इस बजट से देश मे महंगाई व बेरोजगारी बढ़ेगी। बजट में आम लोगों को भी कोई राहत नही है। बजट पूरी तरह दिशाहीन है व नकारा है। नेगीनिगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश दिनों दिन कर्जो के बोझ से दबता जा रहा है। कोरोना की बजह से प्रदेश में पर्यटन के साथ साथ सूक्ष्म लघु उद्योग पर व्यापक विपरीत असर पड़ा है। प्रदेश सरकार केंद्र से कोई भी आर्थिक मदद नही ले पाई है।उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार केंद्र प्रदेश को कोई बड़ी राहत देते हुए प्रदेश के किसानों, बागवानों को प्रोत्साहित करेगी,पर ऐसा कुछ नही हुआ।