पर्यावरण संरक्षण के लिए जल जंगल और जमीन का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण

सुरेंदर सिंह सोनी। नालागढ़

पर्यावरण संरक्षण के लिए जल जंगल और जमीन का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए पौधारोपण का सर्वोच्च महत्त्व है। वन महोत्सव जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम हमें पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूक और एवं प्रेरित करते हैं। यह विचार दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने वन मंडल नालागढ़ द्वारा ग्राम पंचायत ढेला के गांव दाबनी में आयोजित 72वें वन महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। वन मंडल स्तरीय इस वन महोत्सव के अवसर पर दून विधायक ने एक स्वर्णिम वाटिका का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वन मंडल नालागढ़ द्वारा बनाई गई स्वर्णिम वाटिका वन विभाग की एक अनुपम पहल है तथा इस से आसपास के क्षेत्र के लोगों को सुबह शाम की सैर के साथ-साथ योगाभ्यास के लिए भी लाभ मिलेगा।

  • वन मंडल नालागढ़ इस वर्ष 177 हेक्टेयर भूमि में लगाए गा विभिन्न प्रजातियों के डेढ़ लाख पौधे

इस अवसर पर उन्होंने आम का पौधा लगाया, जबकि जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी ने बट का वृक्ष लगाया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम उप अरनयपाल वन मंडल नालागढ़ यशुदीप सिंह में मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा वन मंडल नालागढ़ द्वारा पौधारोपण तथा जल संरक्षण सहित जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन मंडल नालागढ़ द्वारा इस वर्ष 177 हेक्टेयर भूमि में विभिन्न प्रजातियों के डेढ़ लाख पौधे लगाए जा रहे हैं जबकि गत 3 वर्षों के दौरान किए गए पौधरोपण में खराब हुए पौधों की जगह 50000 अतिरिक्त पौधे भी लगाए जा रहे हैं।

  • 72वें वन महोत्सव को आज वन मंडल नालागढ़ द्वारा ग्राम पंचायत ढेला के गांव दाबनी में किया गया आयोजित

यशुदीप सिंह ने बताया कि वन मंडल नालागढ़ द्वारा जल भंडारण योजना के तहत ग्राम पंचायत थाना तथा खेड़ा में लगभग 40 लाख रुपए की लागत से दो बड़े रोधी बांध (चेक डैम) लगाए जा रहे हैं जिनमें प्रति चेक डैम करीब 10 लाख लीटर पानी एकत्रित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि रोधी बांधों के बनने से सीमावर्ती गांवों को न केवल सिंचाई सुविधा मिलेगी बल्कि भूजल में वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि दावनी में बनाए जा रही स्वर्ण वाटिका की तर्ज पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव रख ठाकुर द्वारा में भी इसी प्रकार की स्वर्ण वाटिका बनाई जाएगी। कार्यक्रम में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी के अलावा ढेला ग्राम पंचायत की प्रधान नीलम चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।