कांग्रेस ने फूंका एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री का पुतला

एमसी शर्मा। नादौन

शनिवार को नादौन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री का पुतला फूंका।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग नादौन विधायक सुखविंदर सिंह सूक्खू की लोकप्रियता को देख बौखलाहट में हैं और अब उनको बदनाम करने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहें है। पिछले दिनों भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नादौन के इंद्रपाल चौक में वर्तमान विधायक का पुतला फूंका गया और उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने देश की आन वान और शान तिरंगे का अपमान किया है जो कि सरासर गलत, झूठा और बेबुनियाद है।

इस मौके पर उपस्थित युकां जिलाध्यक्ष मोंटी संधू और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने कहा कि आज बड़ी हैरानी होती है जिन्होंने 70 सालों तक अपने दफ्तर पर तिरंगा नहीं फहराया आज वही लोग कांग्रेस पार्टी को देश की आन वान शान तिरंगे के महत्व के बारे में देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक उस पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं जिस पार्टी के नेताओं ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा है आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में अपनी नीतियों के कारण हाशिये पर है और पूर्व में नादौन से विधायक रहे अग्निहोत्री दिन रात यही सोच रहे हैं आखिर सूक्खू की लोकप्रियता को किस तरह से कम किया जा सके और बौखलाहट में आकर ऐसी ऊल जलूल हरकतें कर रहे हैं।इस मौके पर नादौन ब्लॉक ओबीसी सैल के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी बबलू, नगर पंचायत नादौन के पूर्व प्रधान कमल (कम्मी), संतोष संधू,डिंपल कटोच, मोती जोशी, बीरबल राव, संदीप कुमार आदि नादौन विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक कुमार आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।