भाजपा सरकार के राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला : सोहन लाल

उमेश भारद्वाज। मंडी

  • प्रदेश में टेंडर आबंटन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सोहन लाल ठाकुर ने सरकार पर बोला हमला, लगाए गंभीर आरोप
  • पत्रकारों से सुंदरनगर में अनौपचारिक बातचीत में बोले पूर्व सीपीएस
  • कहा: अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सभी कायदे-कानूनों और नियमों को रखा जा रहा ताक पर
  • नगर परिषद सुंदरनगर के छपे एक टेंडर नोटिस पर सोहन लाल ठाकुर ने उठाए सवाल
    कहा: टेंडर छपने वाले दिन ही दोपहर 12 बजे तक टेंडर फॉर्म प्रदान किए जाने से की नियमों की अवेहलना
    कहा: विभिन्न कार्यों को 5 लाख की राशि से कम राशि में विभाजित कर प्रकाशित किया टेंडर नोटिस
  • कहा: भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार में संलिप्तता हुई जगजाहिर

 

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भाजपा सरकार पर टेंडर आबंटन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंडी जिला के सुंदरनगर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और सभी अधिकारी व कर्मचारी भाजपा नेताओं के इशारे पर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सभी कायदे-कानूनों और नियमों को ताक पर रख कार्य कर रहे हैं।

इससे प्रतीत होता है कि भाजपा का पूरा तंत्र भ्रष्टाचार में संलिप्त है। उन्होंने कहा कि इस तरह का एक मामला नगर परिषद सुंदरनगर के एक टेंडर नोटिस में देखने को मिला है। जहां बीते 23 जुलाई को समाचार पत्र के माध्यम से एक टेंडर छापा गया। लेकिन टेंडर छपने वाले दिन ही 23 तारीख दोपहर 12 बजे तक टेंडर फॉर्म प्रदान किए जाने की बात प्रकाशित हुई।

यह भी पढ़े : हिमाचल : मनकोटिया ने महगाईं को लेकर सरकार पर बोला हमला

सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि सरकारी कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया को लेकर नोटिस देने के 10 से 15 दिन पहले प्रकाशित किया जाता है। लेकिन इस प्रकार से टेंडर नोटिस प्रकाशित करना सरेआम नियमों की अवेहलना है। सोहन लाल ने आरोप लगाया कि अपने चेहतों को कार्य देने और ऑनलाइन टेंडरिंग से बचने के लिए विभिन्न कार्यों को 5 लाख की राशि से कम राशि में विभाजित कर टेंडर नोटिस प्रकाशित किया गया है।

इससे कहीं न कहीं भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार में संलिप्तता जगजाहिर हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा अपने चहेतों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने के लिए बंदरबांट की जा रही है।