व्यास नदी में बहता हुआ मिला युवक का शव

एमसी शर्मा। नादौन

थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत पताजी पत्तन नामक स्थान पर व्यास नदी में बहता हुआ शव देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने मिलकर धीरे-धीरे बहते हुए शव को किनारे लगाया और पुलिस को सूचित किया। शव की पहचान 22 वर्षीय सुनीश पाठक पुत्र राज पाठक भलेठ क्षेत्र के तौर पर हुई है। यह युवक गत कुछ दिनों से घर से लापता था। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कुछ लोगों ने बहते हुए शव को देखकर बीडीसी उपाध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया को सूचना दी। उन्होंने तुरंत मौका पर पहुंचकर उपप्रधान चोडू पंचायत विकास बलोरिया, नरेंद्र पठानिया, पुरुषोत्तम, अजनेश सहित अन्य लोगों की मदद से शव को नदी किनारे लगाया।

वीरेंद्र पठानिया ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर डाली। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने पुलिस की मौजूदगी में शव की पहचान की। पठानिया ने बताया कि शव बुरी तरह से गली सड़ी अवस्था में था तथा शव से बहुत अधिक बदबू आ रही थी। गौर हो कि यह युवक गत कुछ दिनों से सुजानपुर के भलेठ क्षेत्र से लापता था। युवक ने करीब 1 सप्ताह पूर्व भलेठ में पुल से छलांग लगाई थी। इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज राणा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।