नाइट कर्फ्यू का फैसला वापस ले प्रदेश सरकार : हरभजन सिंह

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

कांग्रेस नेता चौधरी हरभजन सिंह ने नाइट कर्फ्यू के फैसले का विरोध जताया है। चौधरी ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि इससे कोरोना कैसे रुकेगा, यह समझ से परे है। प्रदेश सरकार इस प्रकार के अदूरदर्शी फैसले ले रही है। इस फैसले से कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का सबसे बुरा असर ढाबा, रेस्तरां और होटल इंडस्ट्री पर पड़ा है। रात को इस सेक्टर में काम नहीं हो पा रहा है। इसके चलते सुबह की शिफ्ट भी खत्म हो रही है।

प्रदेश सरकार को तुरंत इस फैसले को बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को समय रहते अपने सार्वजनिक कार्यों पर अंकुश लगाना चाहिए था, ताकि हिमाचल जैसे राज्य में कोरोना इतना भयानक रूप नहीं लेता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहले सेब सीजन में पर्याप्त मजदूरों की व्यवस्था नहीं की, उसके बाद रबी सीजन के लिए 12:32: 16 खाद के लिए किसान तरसाए। इसके अलावा केंद्र सरकार ने तीन किसान विरोधी कानून बना डाले। इस पर जब किसान आपत्ति दर्ज करवा रहे हैं, तो उनका दमन किया जा रहा है।