दिल्ली का केजरीवाल मॉडल हो रहा हिमाचल में प्रसिद्ध: अनुराग प्रार्थी

भाजपा-कांग्रेस भी अपना रही है दिल्ली मॉडल

मनीष ठाकुर। कुल्लू

हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का ग्राफ बढ़ रहा है और हिमाचल अब दिल्ली का केजरीवाल मॉडल अपना रहा है। हिमाचल में केजरीवाल मॉडल प्रसिद्ध हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण यह है कि हिमाचल में भाजपा व कांग्रेस भी दिल्ली मॉडल अपना रही है। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग प्रार्थी ने यहां प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल मंडी आए तो उसके बाद जयराम सरकार ने दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल में 60 यूनिट बिजली फ्री की और केजरीवाल की चंबी रैली के बाद जयराम सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 50 फीसदी किराया मुफ्त करके भी दिल्ली मॉडल की आधी अधूरी नकल की गई।

उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि केजरीवाल का दिल्ली मॉडल सभी को भा रहा है और अब कांग्रेस भी दिल्ली मॉडल की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में बिना विजन से चल रही है। तभी केजरीवाल मॉडल की नकल करके लागू किया जा रहा है। यदि सरकार का अपना विजन होता तो उसे लागू करती।

उन्होंने कहा कि अब चुनावी वर्ष में दोनों दल बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहें है लेकिन यह सब जुमलेबाजी घोषणाएं हैं। उन्होंने कहा कि जनता भी दिल्ली मॉडल चाह रही है और प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व शिक्षा की हालत खराब है और इस ओर भाजपा सरकार का कोई ध्यान नहीं है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग प्रार्थी ने कहा कि तिरंगा हिंदुस्तान की आन,शान व बान है लेकिन भाजपा सरकार तिरंगे को बेचकर इसका व्यापार कर रही है, जो हिंदुस्तान के इतिहास में शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि तिरंगा बेचने से हिंदुस्तान को शर्मसार किया है। इस व्यापार को तुरंत बंद कर देना चाहिए।