जाेराें-शाेराें से चल रहा 21 करोड़ की लागत से बनने वाले देव संस्कृति सदन का कार्य

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। मंडी

मंडी शहर के कांगणीधार में बनने वाले देव संस्कृति भवन में बेसमेंट को मिलाकर 6 तलों का निर्माण किया गया है। जहां पर बेसमेंट में किचन, डाइनिंग एरिया और कुछ स्थान रहने के लिए बनाया गया है। इसके साथ ही प्रथम तल पर एक बड़ा और भव्य हॉल बनाया गया है, जहां पर एक साथ किसी कार्यक्रम में 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। देव संस्कृति के अन्य तलों पर आर्ट गैलरी, डोरमेट्री, डाइंग हॉल व अन्य सुविधा मौजूद रहेगी। इसके साथ ही सदन के हर फ्लोर पर लोगों की सुविधा के लिए मॉडर्न शौचालयों का निर्माण किया गया है।

शहर के कांगणीधार में बन रहे देव संस्कृति सदन के निर्माण का कार्य अंतिम चरणों में है, यहां पर 21 करोड़ की लागत से बनने वाले भवन का काम जोरों पर चला हुआ है। देव संस्कृति सदन के भवन के निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के द्वारा करवाया जा रहा है।

यह भी देखें : कांग्रेस के नवनिर्वाचित विस सदस्यों को विधानसभा अध्यक्ष ने दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ..

मंडी शहर में बन रहे देव संस्कृति सदन के भव्य भवन के निर्माण कार्य के बारे में जानकारी देते हुए एडीएम मंडी राजीव कुमार ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही इसके निर्माण कार्य को पूरा कर इसे जनता को समर्पित करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस भवन की देखरेख भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा, जबकि इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग के द्वारा करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम जोरों पर चला हुआ है। राजीव ने बताया कि इस भवन के बनने से यहां पर धार्मिक, सांस्कृतिक और महाशिवरात्रि पर्व के दौरान देवी-देवताओं व देवलुओं के लिए सुविधा रहेगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि आने वाली शिवरात्रि से पहले इसका कार्य पूरा कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। बता दें कि देव संस्कृति सदन का शिलान्यास 18 फरवरी 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था, जिसके बाद मौजूदा भाजपा सरकार ने इस कार्य को आगे बढ़ाया। इसके निर्माण की मांग एक लंबे समय से सर्व देवता समिति मंडी सरकारों से उठाती रही है।