पालमपुर में चल रहे 600 करोड़ के विकास कार्य : बुटेल

विकास कार्यों के लिए आवंटित किए 30 लाख

उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर

मुख्य संसदीय सचिव, शहरी विकास एवं शिक्षा आशीष बुटेल ने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दयोग्रां में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। बुटेल ने कार्यक्रम पंजीकृत हुई 133 समस्याओं में 102 समस्याओं का निपटारा मौके पर ही किया। शेष समस्याओं को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनका समयबद्ध तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यो के लिए 30 लाख रुपए की राशि भी मौके पर ही जारी की।

सुक्खू सरकार में व्यवस्था परिवर्तन के नये युग की शुरुआत

सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने लीक से हट कर जनहित के कार्यों से प्रदेश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के सत्ता सम्भालने के साथ ही हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नये युग की शुरुआत हुइ। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश की बागडोर सम्भाली तथा मजबूत इरादों व साहसिक निर्णयों के साथ व्यवस्था परिवर्तन के नये दौर का शुभारम्भ हुआ है।

भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन हुआ सुनिश्चित

बुटेल ने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में बेसहारा व असहायों को आश्रय मिला, शैक्षणिक ढांचा मजबूत हुआ, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया, कृषि-बागवानी गतिविधियों में विविधता आई, बेटियों को सम्पत्ति में समान अधिकार मिला, कर्मचारियों से किए वायदे पूरे हुए, हर क्षेत्र व वर्ग में सरकार की जन-हितैषी योजनाओं से सुखद बदलाव आया तथा भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित हुआ। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने यह साबित कर दिया कि यह सरकार सत्ता में सुख के लिए नहीं अपितु व्यवस्था परिवर्तन व सेवा के ठोस इरादों से जनहित में कार्य कर रही है।

एक हजार लोगों को लगाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन

उन्होंने कहा कि पालमपुर विधान सभा क्षेत्र का ऐसा हलका है जहां 600 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। पालमपुर में सड़क, पानी और बिजली के क्षेत्र में योजनात्मक रूप में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन नयीं सड़के स्वीकृत की गई हैं और इन पर करीब 21 करोड़ रुपए व्यय किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग सड़कों के सुधार पर 60 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में कोई ऐसा गांव नहीं छूटेगा जहां सड़क सुविधा न हो।

एक वर्ष कार्यकाल में 1000 से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन लगाई

उन्होंने कहा कि पालमपुर में पेयजल एवं सिंचाई सुविधा पर भी 225 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं ताकि लोगों को भरपूर पेयजल और खेतों के नए सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि एक वर्ष कार्यकाल में 1000 से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन लगाई गई है और 102 मकान स्वीकृत किए गये हैं। सीपीएस ने कहा कि अनाथ बच्चों को आश्रय प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरम्भ की गई और मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष गठित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अनाथ बच्चों व बेसहारा वगों के लिए कानून के तहत योजना बनाने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 4000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया है और अबतक 17.18 करोड़ रुपए के लाभ हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

पर्यटन विकास को सरकार ने दी विशेष तरजीह

आशीष बुटेल ने कहा कि प्रदेश में बेहतर पर्यटन अधोसंरचना तथा अनछुए पर्यटन स्थलों में विश्वस्तरीय सुविधायें उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि पर्यटन क्षेत्र में लोगों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सबसे बडे ज़िला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का ऐतिहासिक फैसला किया है। कांगड़ा में पर्यटन गतिविधियों के बढ़ावा देने के लिये मूलभूत सुविधाओं के सृजन के साथ विश्वस्तरीय पर्यटन अधोसंरचना विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार, धार्मिक और साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इससे पहले मुख्यातिथि ने यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाई विकासात्मक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और अवलोकन किया।

सीपीएस ने लाभार्थियों को वितरित की सहायता राशि

इस अवसर पर आशीष बुटेल ने मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत 12 लाभार्थी बेटियों को 31-31 हजार रुपए की राशि वितरित की। उन्होंने बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत भी 6 बेटियों को 21-21 एफडीआर वितरित की। सीपीएस ने 14 महिला मंडलों को 15-15 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में भी वितरित की। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के 6 लाभार्थियों को भी सम्मान राशि वितरित की। इस अवसर पर 12 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्र भी वितरित किये। सरकार गांव के द्वार के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष विभाग द्वारा नि:शुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 540 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई है।

यह रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर गोपाल नाग, उपमहापौर राज कुमार, सहित पार्षद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चन्द, प्रधान ग्राम पंचायत दयोग्रां सुनीता कुमारी, अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरभ जस्सल, एसडीएम नेत्रा मेती, आयुक्त नगर निगम डॉ. आशीष शर्मा, सीएमओ सुशील शर्मा, उपनिदेशक राहुल कटोच, कमलशील नेगी, डीएसपी लोकिन्दर नेगी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संवाददाताः गौरव कौंडल

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें