OPS बहाली के लिए धरना देंगे कर्मचारी

अंकित वालिया। कांगड़ा

नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के आह्वान पर 24 अक्तूबर को हिमाचल के हर जिला मुख्यालय पर सांकेतिक धरना करेंगे। इसी कड़ी में एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान राजिन्दर मन्हास और महासचिव अनीश धीमान ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिला मुख्यालय धर्मशाला में भी सैकड़ों कर्मचारी 24 अक्तूबर को इस धरने में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की 20 खंड इकाइयों के सैकड़ों कर्मचारी इस धरने में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पहुंचेंगे। जिला प्रधान मन्हास ने कहा कि पिछले तीन साल से नई पेंशन स्कीम कर्मचारियों की जायज मांग को भी प्रदेश सरकार नजरअंदाज कर रही है। कोविड से बचाव के लिए इन्ही कर्मचारियों ने लगभग 25 लाख की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में भी दी पर आज नई पेंशन स्कीम के खराब नतीजों से कर्मचारियों को बचाने के लिए सरकार कुछ करती नही दिखती।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज हिमाचल के एनपीएस कर्मचारियों को वह लाभ भी नही मिल रहे जो केंद्र 2009 से अपने कर्मचारियों को दे रहा है। एसोसिएशन ने सरकार को चेताया कि अगर फिर भी सरकार की निंद्रा इस धरने के बाद नही टूटी तो अगले माह 24 नवंबर को कर्मचारी पेन डाउन हड़ताल करेंगे।